रात 1 बजे घर से निकले क्वारेंटाइन बैंक कर्मचारी का शिप्रा नदी में शव मिला

रात 1 बजे घर से निकले क्वारेंटाइन बैंक कर्मचारी का शिप्रा नदी में शव मिला 
परिवार के लोग सुबह से कर रहे थे उनकी तलाश, भाई ने की शव की शिनाख्त

उज्जैन। पिपलीनाका चौराहा पर रहने वाले बैंक कर्मचारी का शव ऋणमुक्तेश्वर ब्रिज के पास सुबह लोगों ने देखा। परिजन उनकी सुबह से तलाश कर रहे थे। बताया जाता है कि वह कोरोना का उपचार कराने के बाद घर में क्वारेंटाइन थे और रात 1 बजे घर से निकले थे। जीवाजीगंज पुलिस ने मौके पर जांच शुरू की है।

राजेंद्र पिता भेरूलाल भाटी (54) निवासी पिपलीनाका चौराहा अपेक्स बैंक में कार्यरत थे। उनके भतीजे पूर्व पार्षद व भाजपा नेता गब्बर भाटी ने बताया कि काका राजेंद्र भाटी कोरोना पॉजिटिव होने के कारण माधवनगर अस्पताल में भर्ती थे। तीन दिनों पूर्व उपचार के बाद उनकी जांच निगेटिव आई और वह स्वस्थ होकर घर लौट आये थे।

कोरोना गाइडलाइन के मुताबिक उन्हें घर के अलग कमरे में क्वारेंटाइन किया था। सुबह राजेंद्र घर में नहीं मिले तो घर में लगे कैमरे के फुटेज देखे, जिसमें वे रात 1 बजे घर से निकलते दिखे। सुबह 9 बजे परिवार के सुनील भाटी ऋणमुक्तेश्वर ब्रिज से गुजर रहे थे, उसी दौरान लोगों की भीड़ देखी तो पता चला कि किसी व्यक्ति का शव पड़ा है। सुनील भाटी ने शव की शिनाख्त राजेंद्र भाटी के रूप में की और जीवाजीगंज पुलिस को सूचना दी। गब्बर भाटी के अनुसार काका पेंट-शर्ट पहनकर निकले थे जबकि नदी से उनका शव चड्डी-बनियान में मिला। गब्बर भाटी ने बताया परिवार में सब लोग मिलजुलकर रहते है। किसी भी प्रकार की उन्हें कोई परेशानी नहीं थी। राजेंद्र भाटी के पिताजी भेरूलाल भाटी बरसों तक भाजपा के वरिष्ठ रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post