हेलीपैड पर CM से मिलने की सूची में जगदीश अग्रवाल सहित कई नेताओं के नहीं थे नाम

 हेलीपैड पर CM से मिलने की सूची में जगदीश अग्रवाल सहित कई नेताओं के नहीं थे नाम

प्रवेश को लेकर नेताओं का पुलिस अधिकारियों से विवाद ट्रांसफर की बात तक पहुंचा, SI पर गिरा बैरिकेड



उज्जैन ।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हेलीपेड पर उतरने के पहले से लेकर शहर में रहने के दौरान पूरे समय विवाद की स्थिति निर्मित होती रही। हेलीपेड पर भाजपा नेता जगदीश अग्रवाल को पुलिस ने रोका तो मुख्य कार्यक्रम स्थल के बाहर भी विभिन्न संगठनों के लोग अपनी मांगों को लेकर पहुंचे जिन्हें पुलिस द्वारा रोककर दूर कर दिया गया।

यह हुआ हेलीपेड पर: मुख्यमंत्री चौहान का हेलीपेड पर स्वागत करने वालों की प्रोटोकॉल के मान से पुलिस प्रशासन द्वारा लिस्ट तैयार की गई थी जिसमें भाजपा नेता जगदीश अग्रवाल सहित अन्य नेताओं के नाम नहीं थे। जब वह हेलीपेड पहुंचे तो उन्हें सूची में नाम नहीं होने के कारण पुलिस ने रोक दिया। इसको लेकर जगदीश अग्रवाल ने पूर्व सांसद सहित अन्य नेताओं को बुलाया और विवाद शुरू हो गया। सीएसपी मामले को सुलझाने पहुंची तो जगदीश अग्रवाल सहित अन्य भाजपा नेताओं ने अपशब्द कहते हुए ट्रांसफर कराने की बात भी कही गई। स्थिति यह हो गई कि जगदीश अग्रवाल ने आवेश में आकर बैरिकेड पटक दिया, जिसके नीचे एसआई गजेन्द्र पचोरिया का पैर आया और वह घायल हो गए।

पालक संघ के सदस्यों को पुलिस ने खदेड़ा

प्रायवेट स्कूल संचालकों द्वारा बच्चों के परिजनों से की जा रही मनमानी फीस वसूली के विरोध में पालक संघ के सदस्य और बच्चों के अभिभावक बड़ी संख्या में एकत्रित होकर कालिदास अकादमी पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री का संकुल हॉल में कार्यक्रम चल रहा था और बाहर पालकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इनके हाथों में पोस्टर और बैनर थे जिन पर प्रायवेट स्कूलों द्वारा वसूली जा रही फीस के विरोध में नारे लिखे थे। पुलिस ने पालक संघ के सदस्यों को समझाकर लौटाने का प्रयास किया लेकिन जब वह नहीं माने और मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने की जिद पर अड़े तो पुलिस ने डंडे दिखाते हुए उन्हें यहां से खदेड़ दिया।

शिक्षक संघ के सदस्य व मेधावी विद्यार्थी पहुंचे

म.प्र. उच्च माध्यमिक व माध्यमिक शिक्षक भर्ती चयन अभ्यर्थी जिला उज्जैन के सदस्य बैनर व पोस्टर लेकर मुख्यमंत्री से मिलने और ज्ञापन देने मुख्य कार्यक्रम स्थल कोठी रोड़ पहुंचे। यहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोककर दूर कर दिया। इसी प्रकार वर्ष 2018-19 में हायर सेकेण्डरी व हाईस्कूल परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्रएं लेपटाप राशि की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे इन बच्चों को भी पुलिस ने रास्ते में रोककर लौटा दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post