कुपोषित बच्चों को दूध एवं सुपोषण बास्केट किट का वितरण सांसद एवं विधायक की उपस्थिति में पोषण माह समारोह का कार्यक्रम सम्पन्न

 कुपोषित बच्चों को दूध एवं सुपोषण बास्केट किट का वितरण
सांसद एवं विधायक की उपस्थिति में पोषण माह समारोह का कार्यक्रम सम्पन्न


 

उज्जैन 17 सितम्बर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित पोषण माह समारोह कार्यक्रम गुरूवार 17 सितम्बर को बृहस्पति भवन में सांसद श्री अनिल फिरोजिया एवं विधायक श्री पारस जैन की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कुपोषित बच्चों को मीठा दूध एवं सुपोषण बास्केट किट वितरित किये। अतिथियों ने पोषण प्रबंधन रणनीति पुस्तिका का विमोचन किया। इसके पूर्व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। अतिथियों का स्वागत महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक श्री एनएस तोमर, उप संचालक श्रीमती मंजुला तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री गौतम अधिकारी, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री साबिर अहमद सिद्धिकी आदि ने पुष्पगुच्छ भेंटकर किया। कार्यक्रम में सांसद श्री अनिल फिरोजिया एवं विधायक श्री पारस जैन ने पंवासा की शुभम वाडिया, ब्राह्मण गली की कु.आशी, कु.लक्ष्मी, मंगल नगर के प्रिंस, नामदारपुरा की खुशी, फाजलपुरा की गौरा, अवन्तिका कॉलोनी के आरोही, यासीन, अखंड महाकाल की दीपांश एवं चारधाम निवासी देव को सुपोषण बास्केट किट वितरण किये। कार्यक्रम के अन्त में सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने उपस्थितों को पोषण संकल्प दिलाया।
ऑनलाइन कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 601 नवीन आंगनवाड़ी भवनों के लोकार्पण के साथ-साथ इसी में ही उज्जैन जिले की 13 नवीन आंगनवाड़ी भवनों का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के पूर्व भोपाल से आयोजित वीसी के माध्यम से कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गरीब की जिन्दगी को आसान बनाने का काम सरकार कर रही है। बेटियों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिये। बेटा-बेटी में भेदभाव न होना चाहिये। बेटी का जन्म अभिशाप न बने, सरकार के द्वारा लागू की गई लाड़ली लक्ष्मी योजना वरदान साबित हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटा-बेटी कमजोर न रहें, उन्हें पौष्टिक आहार दिया जाये। सब स्वस्थ रहें, प्रसन्न रहें, यही सरकार का मुख्य उद्देश्य है। आज से आंगनवाड़ियों में बच्चों को दूध वितरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पोषण अभियान कुपोषण कम करने का एक महत्वाकांक्षी अभियान है। सरकार द्वारा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण हेतु निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिलों में पोषण अभियान कार्यक्रम के अन्तर्गत विभिन्न विभागों के समन्वय से एकीकृत पोषण प्रबंधन रणनीति तैयार की गई है। इसके अन्तर्गत बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार एवं खून की कमी निवारण हेतु ग्राम स्तरीय, जिला स्तरीय सहभागिता तैयार की गई है। भोपाल से ऑनलाइन चर्चा के दौरान उन्होंने महिलाओं से संवाद कर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने बालिकाओं को छात्रवृत्ति का भुगतान वितरण ऑनलाइन क्लिक कर किया। इसी तरह उन्होंने आंगनवाड़ी भवनों का लोकार्पण भी किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post