फूड पॉइजनिंग :सिंघाड़े के आटे से बने व्यंजन खाने से एक दर्जन से अधिक महिलाएं बीमार

फूड पॉइजनिंग :सिंघाड़े के आटे से बने व्यंजन खाने से एक दर्जन से अधिक महिलाएं बीमार 
हलछठ पर रखा था महिलाओं ने उपवास, उल्टी और घबराहट के बाद अस्पताल में भर्ती

 उज्जैन । सोमवार को भाद्रपद शुक्ल की छठ को महिलाओं द्वारा हलछठ और मोराबाई छठ के रूप में मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं हल का जुता हुआ अन्न ग्रहण नहीं करतीं इस कारण सिंघाड़े के आटे से व्यंजन बनाकर सेवन किया जाता है। इसका सेवन करने वाली एक दर्जन से अधिक महिलाएं बीमार हो गईं जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

ये महिलाएं हुई बीमार : धु्रव नगर जयसिंहपुरा में रहने वाली अंतरबाई पति देवकरण भाट 40 वर्ष, बबीताबाई पति सुनील 25 वर्ष, तेजूबाई पति लालजी 60 वर्ष, रेखाबाई पति भारत 30 वर्ष, सुनीताबाई पति मनोहर 35 वर्ष, अंतरबाई पति छगनलाल 40 वर्ष, सपनाबाई पति जितेन्द्र 28 वर्ष निवासी एकता नगर, गौरीबाई पति मांगीलाल 45 वर्ष निवासी एकता नगर, पवनबाई पति अशोक 20 वर्ष एकता नगर, हेमलता पति अशोक 35 वर्ष निवासी पिपलीनाका, किरण पति अंकित 25 वर्ष, पूजा पति सुधीर परमार 26 वर्ष, सीमा पति ओमप्रकाश 30 वर्ष निवासी जयसिंहपुरा को उल्टी, घबराहट की शिकायत के बाद परिजन जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।

सिंघाड़े का आटा क्राउन कंपनी का…

विजय शर्मा निवासी जयसिंहपुरा, संजूमाली और अशोक खत्री निवासी पिपलीनाका ने बताया कि हलछठ का व्रत होने के कारण घर की महिलाओं ने क्राउन कंपनी का सिंघाड़े का आटा खरीदा और उसका हलवा व अन्य व्यंजन बनाकर सेवन किया था। आटे का पाउच उक्त लोग अपने साथ लेकर अस्पताल आये थे जिसमें मैन्यूफैक्चरिंग डेट अगस्त 20 की लिखी हुई है।

डॉक्टरों ने कहा दूषित हो सकता है आटा
जिला चिकित्सालय में उपचार के लिये आईं एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने एक ही कंपनी का सिंघाड़े के आटे के व्यंजन सेवन करने की बात डॉक्टरों से कही इसके बाद डॉक्टर ने बताया कि दूषित आटे से बने व्यंजन से महिलाओं की हालत बिगड़ी है सभी महिलाओं ने एक ही कंपनी के आटे का उपयोग किया है।

खाद्य विभाग की खुली पोल
पिछले वर्ष खाद्य विभाग द्वारा बड़ा अभियान चलाते हुए मिलावट खोरों और दूषित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की थी, लेकिन लंबे समय से यह कार्रवाई बंद पड़ी है। सुबह जब दूषित सिंघाड़े के आटे के व्यंजन खाने से महिलाओं में फूड पायजनिंग से बीमार हुईं तो सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी शैलेष गुप्ता से उनके मोबाइल पर संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन करीब 3 घंटे तक उन्होंने फोन नंबर 7406970056 रिसीव तक नहीं किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post