भगवान महाकाल की छठी सवारी पूर्ण वैभव के साथ निकली, मनमहेश पालकी में एवं चंद्रमौलेश्वर हाथी पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले

भगवान महाकाल की छठी सवारी पूर्ण वैभव के साथ निकली, मनमहेश पालकी में एवं चंद्रमौलेश्वर हाथी पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले


उज्‍जैन 10 अगस्त। भादौ मास के पहले सोमवार पर भगवान महाकालेश्‍वर की सवारी परम्परा अनुसार पूर्ण वैभव से निकाली गई। पालकी में मनमहेश के रूप में तथा हाथी पर चंद्रमौलेश्वर के स्‍वरूप में विराजित भगवान शिव नगर भ्रमण पर निकले। भगवान महाकालेश्वर की सवारी कोरोना संक्रमण के मद्देनजर परिवर्तित मार्ग से निकाली गई। महाकालेश्वर मन्दिर से सवारी हरसिद्धि मन्दिर के सामने से होकर नृसिंह घाट के निकट झालरिया मठ से होती हुई रामघाट पहुंची। रामघाट पर भगवान महाकालेश्वर का मां शिप्रा के पवित्र जल से विधिवत पूजन-अर्चन किया गया एवं आरती की गई। सवारी परिवर्तित मार्ग से होती हुई हरसिद्धि मन्दिर मार्ग पहुंची। हरसिद्धि मन्दिर आगमन पर मन्दिर के पुजारियों द्वारा भगवान महाकालेश्वर की आरती की गई। यहां से भगवान महाकाल की सवारी पुन: महाकालेश्वर मन्दिर पहुंची।
इसके पूर्व सभामंडप में पूजन-अर्चन शासकीय पुजारी पं.घनश्‍याम शर्मा द्वारा संपन्‍न कराया गया। सर्वप्रथम भगवान श्री महाकालेश्‍वर का षोडशोपचार से पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्‍चात भगवान की आरती की गई। पूजन में कलेक्टर श्री आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सिंह, श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति के प्रशासक श्री एसएस रावत एवं महन्त श्री विनीत गिरीजी महाराज शामिल हुए। कलेक्टर श्री आशीष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सिंह ने पालकी को कंधा देकर आगे बढ़ाया।

रामघाट पर भगवान महाकालेश्वर की पालकी का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। रामघाट से पूजन-अर्चन के पश्चात भगवान महाकालेश्वर की पालकी को होमगार्ड के सशस्त्र बल के जवानों द्वारा सलामी दी गई। इस अवसर पर रामघाट पर रंग-बिरंगी छत्रियां और आतिशबाजी आकर्षण का केन्द्र थी। रामघाट पर इस दौरान महापौर श्रीमती मीना जोनवाल, जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री करण कुमारिया, पूर्व विधायक श्री राजेन्द्र भारती, संभागायुक्त श्री आनंद कुमार शर्मा, आईजी श्री राकेश गुप्ता, डीआईजी श्री मनीष कपूरिया, कलेक्टर श्री आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के प्रशासक श्री एसएस रावत एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post